अम्बेडकरनगर: टाण्डा नगर के तलवापार में स्थित प्रसिद्ध दरगाह हजकनी शाह रह.की मज़ार के सिरहाने लगे संगमरमर के पत्थर को तोड़ने वाले के खिलाफ अलीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
दरगाह हक्कानी शाह के मोतवल्ली मो.नदीम एज़ाज़ पुत्र हाजी मो.इब्राहिम निवासी काजीरा की तहरीर पर अलीगंज पुलिस ने देर रात्रि में ही मुकदमा अपराध संख्या 187/24 पर बीएनएस की धारा 351(3) व 324 (4) के तहत दर्ज कर लिया है।
बताते चलेंकि तलवापार दरगाह हक्कानी शाह में गुरुवार रात्रि 07:10 बजे अज्ञात युवक द्वारा बाबा की मज़ार के सिरहाने लगे पत्थर को अपने पैर से मार कर तोड़ दिया था। उक्त प्रकरण की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर रात्रि 11 बजे के बाद वायरल होने लगी जिससे अकीदतमंदों व संभ्रांत लोगों में घटना एवं घटना को छिपाने का प्रयास कर रही कमेटी के प्रति नाराजगी बढ़ने लगी। उक्त घटना की सूचना पर तत्काल सीओ टाण्डा शुभम कुमार व अलीगंज थानाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ पहुँच गए थे और चन्द मिनट बाद ही पुलिस कप्तान डॉ कौस्तुभ भी पहुंच गए और सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी युवक की पहचान 20 वर्षीय मो.तंजीद पुत्र तौफीक निवासी धुरियहिया थाना अलीगंज के रूप में हुई जहां पुलिस कप्तान स्वयं दल बल के साथ पहुंच कर स्थानीय लोगों से जानकारी प्राप्त किया। आरोपी युवक ने बताया कि उसका मानसिक इलाज़ चला रहा है और उसके ऊपर जिन आ जाता है, गुरुवार को बाबा की मज़ार पर फातिहा पढ़ते समय अचानक उस पर जिन सवार हो गया जिसके कारण घटना हो गई।
बहरहाल पुलिस की तत्परता के कारण धार्मिक स्थल तलवापार में स्थित बाबा हक्कानी शाह की मज़ार को नुकसान पहुंचाने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।





