अम्बेडकरनगर जनपद भ्रमण पर आए केशव प्रसाद मौर्य ने खजुरी ग्राम में आयोजित ग्राम चौपाल एवं स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल ग्रामीण समस्याओं के एक स्थान पर त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम हैं। प्रत्येक शुक्रवार ग्राम चौपाल आयोजित कर ‘डुगडुगी’ के माध्यम से सूचना देने और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को चाबी मिलने से उनके चेहरों पर खुशी दिखी है। उन्होंने घोषणा की कि वृद्धा, दिव्यांग एवं निराश्रित महिला पेंशन 1 अप्रैल से बढ़ाकर 1500 रुपये की जाएगी। साथ ही सरकारी आवश्यकताओं की सामग्री स्वयं सहायता समूहों की दीदियों के माध्यम से खरीदने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है और उत्तर प्रदेश इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाएगा। युवाओं से रोजगार लेने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विकासपरक प्रदर्शनी का अवलोकन, अन्नप्राशन संस्कार में सहभागिता, आंगनबाड़ी पोषाहार वितरण तथा बीसी सखियों के स्टाल का भ्रमण कर महिला सशक्तिकरण और डिजिटल बैंकिंग की सराहना की।
इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जल जीवन मिशन की 55 परियोजनाओं के पुनः सत्यापन, लंबित नलकूप कनेक्शन निस्तारण, प्रधानमंत्री कुसुम योजना से अधिक किसानों को जोड़ने, अपात्र राशन कार्ड हटाने तथा टांडा रोडवेज की अनुपयोगी भूमि के सदुपयोग के निर्देश दिए गए।
जलालपुर में जाम की समस्या, नगर पंचायत किछौछा में अतिक्रमण हटाने, ग्राम समाज की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, धान खरीद व खाद उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को विद्यालय ड्रेस स्वयं सहायता समूहों से क्रय कराने हेतु अभिभावकों को प्रेरित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सक व नर्सों की आवश्यकता पर चर्चा हुई। सड़क दुर्घटनाओं में डेढ़ लाख रुपये तक कैशलेस इलाज योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। वेंडिंग जोन विकसित कर स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता, “एक जनपद एक व्यंजन” योजना को तहसील स्तर पर लागू करने, गौवंश संरक्षण, 100 करोड़पति दीदी/समूह बनाने, पर्यटन विकास तथा श्रवण क्षेत्र धाम में निषादराज की प्रतिमा स्थापना के निर्देश दिए गए।
उक्त अवसर पर एमएलसी डॉ हरिओम पांडेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, पूर्व एमपी रितेश पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता कार्यकर्ता व आलाधिकारी मौजूद रहे।





