अम्बेडकरनगर: जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) अम्बेडकरनगर द्वारा पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुपालन में जारी इस कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम जारी होते ही जिले में संभावित पंचायत एवं जिला पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
जिला मजिस्ट्रेट/ जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 7 जनवरी से 16 मार्च तक हस्तलिखित पांडुलिपियां तैयार कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा की जाएंगी। इस दौरान संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन एवं निस्तारण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

आगामी 21 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण, मूल सूची में समावेशन तथा मतदान केंद्रों के निर्धारण की कार्रवाई होगी। इसके बाद 17 मार्च से 13 अप्रैल 2026 तक मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, सूची की डाउनलोडिंग एवं फोटो प्रतियां तैयार करने का कार्य किया जाएगा।
निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल को किया जाएगा। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की संभावना मानी जा रही है। प्रशासनिक हलकों में इसे जिला पंचायत एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी का अंतिम चरण माना जा रहा है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वृहद पुनरीक्षण के दौरान सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराया जा सके।








