अम्बेडकरनगर। 9 जुलाई से शुरू होने वाले विश्वप्रसिद्ध उर्स मेला अशरफपुर किछौछा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को साफ शब्दों में निर्देश दिया कि मेले की तैयारियों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, एसडीएम टांडा, सीओ टांडा, आलापुर व अकबरपुर समेत बिजली, जल निगम, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, अग्निशमन, परिवहन, नगर पंचायत और अन्य विभागों के अधिकारी, मेला समिति के पदाधिकारी, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। डीएम ने निर्देश दिए कि लाखों जायरीन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, नियमित कूड़ा उठान, नालियों की सफाई, शुद्ध पेयजल, मोबाइल एवं स्थायी शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और निर्बाध बिजली आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। बिजली व्यवस्था मजबूत रखने के लिए अतिरिक्त मोबाइल ट्रांसफार्मर भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को लेकर डीएम ने पार्किंग स्थल चिन्हित करने, पार्किंग शुल्क निर्धारित कर सूचना बोर्ड लगाने, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और सुचारु ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस विभाग को सीसीटीवी निगरानी, रात्रि गश्त और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग को मेला परिसर में चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम और पर्याप्त दवाइयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
अग्निशमन विभाग को आपातकालीन संसाधन और फायर सेफ्टी व्यवस्था दुरुस्त रखने, जबकि परिवहन विभाग को पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने तथा मेला मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू कराने, हेल्प डेस्क, कंट्रोल रूम, सूचना संकेतक और पेयजल केंद्र समय से संचालित करने के भी आदेश दिए गए। पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने कहा कि उर्स मेले की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, खुफिया तंत्र पूरी तरह सक्रिय रहेगा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को दोटूक शब्दों में निर्देश दिया कि अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि उर्स मेला अशरफपुर किछौछा श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


