अम्बेडकरनगर। टाण्डा तहसील सभागार में आयोजित टाण्डा अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को पूरे गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे टाण्डा विधायक राममूर्ति वर्मा ने अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिस सकारात्मक अंदाज में उनकी मांगों पर सहमति जताई, उससे अधिवक्ता समाज में खुशी की लहर दौड़ गई।
विधायक ने दिल खोलकर दिया भरोसा, अधिवक्ताओं ने की जमकर सराहना
अधिवक्ता संघ की ओर से शौचालय एवं हॉल निर्माण सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग रखी गई। विधायक राममूर्ति वर्मा ने मांगों को नजरअंदाज करने के बजाय तत्काल गंभीरता दिखाई और शौचालय व हॉल का निर्माण कराने के साथ अधिवक्ता संघ के सभागार में दो एयर कंडीशनर लगवाने का भी वादा किया।
विधायक की इस घोषणा का अधिवक्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। अधिवक्ता समाज का कहना रहा कि विधायक ने उनकी जरूरतों और सुविधाओं को प्राथमिकता देकर एक बार फिर जनप्रतिनिधि होने का दायित्व निभाया है। अधिवक्ताओं के हितों के प्रति विधायक के सकारात्मक और सहयोगात्मक रवैये की समारोह में जमकर सराहना हुई।
निवर्तमान अध्यक्ष ने दिलाई नई कार्यकारिणी को शपथ
शपथ ग्रहण समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष शेर बहादुर सिंह ने टाण्डा अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व महामंत्री सहित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई।
नई कार्यकारिणी में अभिमन्यु यादव अध्यक्ष, पारसनाथ प्रजापति महामंत्री, रामलाल राव वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जमाल अख्तर उपाध्यक्ष, अब्दुल माबूद एडवोकेट संयुक्त मंत्री, शरद वर्मा पुस्तकालय अध्यक्ष, राम प्रसाद श्रीवास्तव कोषाध्यक्ष तथा भास्कर उपाध्याय कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की गरिमा बनाए रखने, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मजबूती से कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह में उपजिलाधिकारी टाण्डा, पूर्व एमएलसी हीरालाल यादव, पूर्व विधायक स्वर्गीय हाजी अजीमुलहक पहलवान के पुत्र मुसाब अजीम, मदरसा मंजरे हक के प्रबंधक हाजी अशफाक अहमद अंसारी, टाण्डा के पूर्व चेयरमैन हाजी इफ्तेखार अहमद अंसारी, महंत चन्द्रप्रकाश त्रिपाठी, सफीर अहमद सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण एवं संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
कुल मिलाकर टाण्डा अधिवक्ता संघ का शपथ ग्रहण समारोह नई कार्यकारिणी के गठन के साथ-साथ विधायक राममूर्ति वर्मा द्वारा अधिवक्ताओं की सुविधाओं के लिए किए गए महत्वपूर्ण वादों के कारण भी खासा चर्चित रहा। अधिवक्ताओं को उम्मीद है कि विधायक अपने वादों को जल्द धरातल पर उतारकर अधिवक्ता संघ को आवश्यक सुविधाओं की सौगात देंगे।




