WhatsApp Icon

अम्बेडकरनगर में आकाशीय बिजली का कहर: एक ही परिवार के तीन झुलसे, लखनऊ रेफर हुए किशोर ने तोड़ा दम

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के परसन का पूरा गांव में शनिवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया। घर के बाहर इमली के पेड़ के नीचे मौजूद एक ही परिवार के तीन लोग गाज की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय किशोर मुकेश (उमेश) को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामदेव कनौजिया के नाती-नातिन शनिवार दोपहर घर के बाहर इमली के पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बताया गया कि बारिश से बचने के लिए बच्चे घर की ओर भागने लगे, तभी तेज कड़क के साथ आकाशीय बिजली उनकी चपेट में आ गई।

हादसे में उपेंद्र की 17 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी, 14 वर्षीय पुत्र मुकेश (उमेश) तथा रक्षाबंधन पर ननिहाल आई गेना देवी की 21 वर्षीय पुत्री रंजू झुलस गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खुद आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बावजूद रंजू ने साहस दिखाते हुए शोर मचाकर परिजनों को बुलाया। इसके बाद महिलाओं की मदद से झुलसे बच्चों को घर के अंदर पहुंचाया, लेकिन कुछ देर बाद वह स्वयं बेसुध होकर गिर पड़ी।

चीख-पुकार के बीच तीनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सदरपुर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने मुकेश की हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया था, लेकिन आखिरकार जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए किशोर ने दम तोड़ दिया।

मुकेश की मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

अन्य खबर

दिव्यांगजनों के लिए खुला सहूलियत का रास्ता! विकास भवन में बांटी गईं साइकिल, व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

पिता ने बेटे के कंधों पर सजाए स्टार तो गर्व से चौड़ा हुआ सीना! जीवन प्रकाश तिवारी बने एनसीसी सेकंड ऑफिसर, जलालपुर में खुशी की लहर

हंसवर पुलिस का बड़ा एक्शन! 715 ग्राम स्मैक-हेरोइन के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार, पांच-पांच मुकदमों का आपराधिक इतिहास

error: Content is protected !!