अम्बेडकरनगर: जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के गोलपुर गांव के पास शारदा सहायक नहर में अपने साथियों के साथ नहा रहे एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, थाना बसखारी क्षेत्र के किछौछा दरगाह निवासी मोहम्मद असलम (14) पुत्र मोहम्मद अली सोमवार को लगभग 12 बजे अपने कुछ साथियों के साथ गोलपुर गांव के पास शारदा सहायक नहर में नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसके साथ नहा रहे अन्य साथी घबराकर वहां से निकल गए और किसी को तत्काल सूचना नहीं दी।
कुछ समय बाद बाजार में मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कराई, लेकिन प्रारंभिक प्रयासों में सफलता नहीं मिली। बाद में नर्सरी बाजार के दो मछुआरों ने घंटों की खोजबीन के बाद किशोर के शव को नहर से बाहर निकाला।
शव मिलने के बाद पुलिस उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी परिजनों और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। परिजनों का कहना था कि किशोर की सांसें अभी चल रही हैं। इसके बाद परिजन उसे पुलिस वाहन से उतारकर बसखारी स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल जलालपुर अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक मोहम्मद असलम अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। किशोर की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे परिवार में शोक की लहर व्याप्त है।




