अम्बेडकरनगर: कटेहरी उप चुनाव को लेकर जहां सत्ता पक्ष प्रतिदिन कोई ना कोई सरकारी कार्यक्रम के बहाने मंत्रियों के कार्यक्रम का आयोजन कर आमजनों को रिझाने के प्रयास कर रही है वहीं सपा प्रत्याशी के एलान के बाद अब विपक्ष पूरी तरह से चुनावी मूड में आ गया है।
महरुआ थानाक्षेत्र के हिडी पकड़िया क्षेत्र में रास्ते से वाहन को हटाने को लेकर हुए मामूली कहा सुनी में पुलिस की कार्यवाही से सपाई नाराज़ हो गए। उक्त घटना में आरोपी किये गए बीडीसी सदस्य को शांतिभंग की धाराओं में जेल भेजने से सांसद लालजी वर्मा काफी नाराज हो गए और आंदोलन का एलान कर दिया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद लाल जी वर्मा ने कलेक्ट्रेट के पास स्थित बाबा साहब की प्रतिमा के समक्ष पहुंच कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सांसद के धरना पर बैठने से हड़कंप मच गया।मौके पर एसडीएम सदर व सीओ सिटी ने पहुंच कर आक्रोशित सांसद को समझा बुझा कर धरना समाप्त करवाते हुए उक्त मामले में मुकदमा वापस लेने एवं बीडीसी सदस्य की तत्काल रिहाई के आश्वासन दिया जिसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ। उक्त मौके पर सपाइयों ने जमकर नारेबाजी भी किया। बताते चलेंकि समाजवादी पार्टी द्वारा कटेहरी उपचुनाव में सांसद लालजी वर्मा की पत्नी पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शोभावती को अपना प्रत्याशी बनाया है।
बहरहाल चर्चा है कि कटेहरी उपचुनाव के मद्देनजर विपक्ष ने बीडीसी सदस्य की गिरफ्तारी के बहाने प्रशासन को घेरने का काम किया और कहीं न कहीं सपा को सफलता भी प्राप्त हुई है।



