जनवरी में खोदे गए थे सैकड़ों गड्ढे लेकिन मार्च माह समाप्ति के बाद भी नहीं हुआ पौधारोपण
अम्बेडकरनगर: टाण्डा तहसील क्षेत्र के अजमेरी बादशाहपुर गांव में वृक्षारोपण के नाम पर सैकड़ों गड्ढे खोदे गए, लेकिन तीन माह बीत जाने के बाद भी एक भी गड्ढे में पौधा नहीं लगाया गया। घाघरा नदी के किनारे जनवरी माह में बड़े पैमाने पर गड्ढे खोदे जाने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और संदेह दोनों बढ़ गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी किनारे सुनसान स्थान पर भारी संख्या में गड्ढे खोदे गए थे और बताया गया था कि यहां वृक्षारोपण किया जाएगा, लेकिन अब तक कोई पौधरोपण नहीं हुआ। मौके पर सैकड़ों खाली गड्ढे सरकारी योजनाओं की पोल खोल रहे हैं।
मामले की जानकारी के लिए सूचना न्यूज़ एडिटर आलम खान ने अम्बेडकरनगर डीएफओ से मोबाइल पर बातचीत की तो उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि ‘पहले पता करिये कि गड्ढे किस विभाग ने खोदे, क्योंकि प्लांटेशन लगभग 29 विभागों द्वारा किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वन विभाग का मामला हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।’
इस बयान के बाद सवाल और गहरे हो गए हैं कि आखिर इतने बड़े स्तर पर गड्ढे किस विभाग ने खोदे, किस मद से खर्च हुआ और पौधे क्यों नहीं लगाए गए और डीएफओ की इसकी भनक तक नही। चली। ग्रामीणों में चर्चा है कि कहीं कागजों में वृक्षारोपण दिखाकर सरकारी धन की बंदरबांट तो नहीं की गई। लोगों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।




