अम्बेडकरनगर: जलालपुर तहसील क्षेत्र के डिहवा इस्माइलपुर गांव में सैकड़ों वर्ष पुराने सार्वजनिक रास्ते पर लगाए गए अवैध गेट को प्रशासन ने सोमवार को बलपूर्वक हटा दिया। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन का आभार जताया। गांव के ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता पूरे गांव का एकमात्र मुख्य आवागमन मार्ग है।
आरोप है कि गांव निवासी व सरकारी पशु चिकित्सक धर्मेश चौहान, जो अतरौलिया (आज़मगढ़) में तैनात हैं, ने बीते सप्ताह रास्ते पर लोहे का गेट लगवाकर आवाजाही रोक दी थी। इसके विरोध में दर्जनों ग्रामीणों ने जलालपुर कोतवाली और उप जिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता को शिकायत पत्र सौंपा था। मामले की सुनवाई के दौरान डॉक्टर ने लिखित रूप से गेट हटाने की सहमति दी थी, लेकिन इसके बावजूद गेट नहीं हटाया गया।




