अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: गोपाल सोनकर जलालपुर) जलालपुर क्षेत्र के परिवार हॉस्पिटल में शनिवार सुबह एक ऐसा अद्भुत दृश्य सामने आया जिसे लोग चमत्कार मान रहे हैं। पहली बार गर्भधारण करने वाली एक महिला ने महज सात माह 20 दिन में सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) के जरिए तीन बच्चों को जन्म दिया। आश्चर्य की बात यह रही कि मात्र 5 से 10 मिनट के अंतराल में महिला ने दो पुत्रियों और एक पुत्र को जन्म दिया।
डॉक्टरों के अनुसार जच्चा और बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। हालांकि समय से पहले जन्म होने के कारण बच्चों का वजन थोड़ा कम है, जिस वजह से उन्हें एहतियातन ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।इस संबंध में परिवार हॉस्पिटल के डॉक्टर अंकित सिंह ने बताया कि प्रसूता का नाम रिंकी गौड़ है, जो कस्बे की रहने वाली हैं। वह सुबह लगभग 7:30 बजे अस्पताल पहुंचीं। जांच में पाया गया कि पानी की थैली फट चुकी थी और महिला प्रसव पीड़ा से गुजर रही थी। ऐसे में डॉक्टर अनामिका सिंह ने अपने अनुभव और धैर्य से स्थिति को संभालते हुए नॉर्मल डिलीवरी कराई।
क्षेत्र में पहली बार हुए इस तरह के प्रसव को लेकर लोगों में उत्साह है और इसे भगवान व डॉक्टरों की अद्भुत कृपा मानते हुए चर्चाओं का बाजार गर्म है। प्रसूता और उसके परिवारजन भी पूरी तरह से खुश और उत्साहित हैं।
महिला के पति सहित अन्य परिजनों ने इस कठिन परिस्थिति में नॉर्मल डिलीवरी करने पर डॉक्टर की भूरि भूरि प्रशंसा किया।




