अम्बेडकरनगर: जैतपुर थाना क्षेत्र के मुस्कुराई गांव स्थित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास बीती रात अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक रामस्वरूप के पुत्र विपिन ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उनके पिता 50 वर्षीय रामस्वरूप प्रतिदिन की तरह 04 सितंबर की रात को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास निर्माणाधीन मकान में खाना-पीना कर वहीं सो रहे थे। सुबह सूचना मिली कि उनकी हत्या कर दी गई है। परिवारजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि रामस्वरूप का शव तख्त पर खून से लथपथ तख्ते पर पड़ा हुआ था। हत्या की खबर से जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) श्यामदेव, जलालपुर क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह और जैतपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार गौतम ने घटनास्थल का मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं, जिनमें से दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है।
इस संबंध में एडिशनल एसपी (पूर्वी) श्यामदेव ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।




