मतदाता जागरूकता हेतु बनाई गई मानव श्रृंखला – रंगोली, मेहंदी, भाषण आदि प्रतियोगिताओ का हुआ आयोजन
अम्बेडकरनगर: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 16 मार्च को लोकसभा सामान्य निर्वाचन की घोषणा के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह की उपस्थिति में सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज अकबरपुर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा मतदाता जागरूकता गुब्बारे उड़ाकर स्वीप कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को वोट के महत्व तथा मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन विभिन्न स्थानों पर किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न स्कूलों में स्वीप कार्यक्रम के तहत अनेक प्रकार के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराए जा रहे हैं, एक तरफ जहां विद्यार्थियों को वोट के महत्व के बारे में बताया जा रहा है, वहीं जनपद के विभिन्न स्कूलों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु प्रश्नोत्तरी, रंगोली, मेंहदी, भाषण आदि प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं।स्कूली बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक, मतदाता जागरूकता गीत और नृत्य के माध्यम से मतदान करने हेतु प्रेरित किया गया।
सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज में बच्चों ने मतदाता जागरूकता हेतु भारत के नक्शे में मानव श्रृंखला बनाई तथा उसके पश्चात विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लोगों को मतदान करने हेतु जागरूक किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए अधिक से अधिक वोट डालने के लिए प्रेरित किया। मतदान करने हेतु सभी को शपथ दिलाया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे इन कार्यक्रमों में जो जानकारी प्राप्त कर रहे हैं, उसे अपने तक सीमित न रखकर अपने अभिभावकों और आस-पड़ोस के मतदाताओं को भी दें।





