अम्बेडकरनगर: हज 2026 के लिए चयनित आज़मीन-ए-हज के टीकाकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। हज ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन अम्बेडकरनगर मोहम्मद यूनुस द्वारा जारी सूचना के अनुसार हज यात्रा से पूर्व सभी यात्रियों को निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण व टीकाकरण प्रक्रिया में शामिल होना होगा।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम दो केंद्रों पर संपन्न होगा। पहला केंद्र 14 फरवरी दिन शनिवार को मदरसा करामतिया जलालपुर में तथा दूसरा केंद्र 17 फरवरी दिन मंगलवार को मदरसा हक टाण्डा में लगाया जाएगा। दोनों ही केंद्रों पर कार्यक्रम सुबह 09 बजे से प्रारंभ होगा।
हज ट्रेनर डॉ. मुहम्मद यूनुस ने स्पष्ट किया है कि सभी आज़मीन-ए-हज समय से केंद्र पर उपस्थित रहें। प्रशिक्षण के दौरान हज यात्रा के अरकान, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां, सुरक्षा नियम तथा सऊदी अरब में पालन किए जाने वाले दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। इसी क्रम में हज के लिए आवश्यक टीकाकरण भी किया जाएगा।
इस वर्ष जनपद से हज यात्रा के लिए 86 महिलाएं व 106 पुरुष अर्थात कुल 190 लोग शामिल हैं। प्रशिक्षण एवं टीकाकरण में भाग लेने वाले यात्रियों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य किया गया है। इसमें हज आवेदन की फोटो कॉपी, कोरोना वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट की दो प्रतियां, हज कवर फोटो तथा दो 2×2 साइज फोटो शामिल हैं।
हज ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले आज़मीन-ए-हज को आगे की प्रक्रिया में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी चयनित यात्रियों से निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई है।




