अम्बेडकरनगर: अप्रैल माह के अंतिम पखवाड़े से ही भीषण गर्मी जारी है जो मई के प्रथम सप्ताह में काफी अधिक हो गई है। चिलचिलाती धूप व भीषण गर्मी में भी विद्यालय खुले होने के कारण मासूम छात्र विद्यालय जाने पर मजबूर हैं लेकिन तेज़ धूप के कारण बच्चों के स्वास्थ पर बेआ असर पड़ रहा है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालयों को 12:30 बजे तक ही चलाने का निर्देश दिया जिसके कारण सभी विद्यालयों में 12:30 बजे छुट्टी होती है और उस समय चिलचिलाती धूप व भीषण गर्मी होती है और छात्रों के घर पहुंचते ही वो अधमरे से हो जाते हैं जिससे अभिभावकों में आक्रोश व्याप्त है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही फूड पॉइजनिंग व डायरिया के मामलों में काफी वृद्धि आई है। बच्चों में बुखार, उल्टी दस्त और पेट से संबंधित अन्य रोग देखे जा रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण बच्चों के डॉक्टरों के यहां काफी भीड़ चल रही है और अधिकांश अभिभावक डॉक्टरों का चक्कर लगाते नज़र आ रहे हैं।
बहरहाल चिलचिलाती धूप में छात्रों का विद्यालय से घर जाना काफी खतरनाक साबित हो रहा है। अभिभावकों ने जिलाधिकारी से मांग किया है कि फिलहाल विद्यालयों में अवकाश कर दिया जाए अथवा 10:30 बजे तक ही विद्यालय चलाया जाए।





