“महिलाओं ने कहा कि लाठी चले, गोली चले चाहे जान चली जाए लेकिन पीछे नहीं हटेंगे”
अम्बेडकरनगर (आलम खान – एडिटर इन चीफ/मान्यता प्राप्त पत्रकार) टाण्डा कोतवाली कार्यालय से मात्र चन्द कदम की दूरी पर स्थित थिरूआ नदी के किनारे स्थित बिछावट भूमि पर दशकों से काबिज़ धोबी समाज की लड़ाई लड़ने के लिए भीम आर्मी ने हाथ बढ़ा दिया है।
भीम आर्मी अयोध्या फैज़ाबाद मंडल इंचार्ज व जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र गौतम रविवार को उक्त स्थल पर पहुंच कर धोबी समाज के साथ बैठक किया। श्री राजेन्द्र ने धोबी समाज को आश्वासन देते हुए कहा कि अभी तो मैं अकेला आया हूँ लेकिन आवश्यकता हुई तो पूरा संगठन आप लोगों के साथ खड़ा रहेगा। धोबी समाज की महिलाओं ने कहा कि पुस्तों से इस स्थान पर उनका काम होता चला आ रहा है लेकिन उन लोगों को डरा धमका कर भूमि खाली कराने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन अब लाठी चले, गोली चले चाहे जान चली जाए लेकिन पीछे नहीं हटेंगे।
बताते चलेंकि टाण्डा नगर क्षेत्र के थिरुआ पुल के निकट स्थित भूमि (जो बिछावट के नाम से प्रसिद्ध है) को खाली कराने को लेकर गत दिनों विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी। धोबी समाज का कहना है कि थिरुआ नाला के किनारे की भूमि बिछावट दर्ज थी लेकिन भू-माफियाओ द्वारा कूटरचित ढंग से उसको कटवा दिया गया है और अब एग्रीमेंट के आधार पर उस पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
बहरहाल थिरुआ नाला के किनारे दर्ज बिछावट भूमि का नाम कट जाने एवं उक्त भूमि को खाली कराने के प्रयास के खिलाफ धोबी समाज एकजुट हो चुका है और उनके सहयोग में भीम आर्मी खड़ा नज़र आने लगा है।





