अम्बेडकरनगर: मालीपुर थाना क्षेत्र के बरौली आशानंदपुर (नोखवा) गांव निवासी यूकेजी छात्र अंश की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को नदी किनारे दफनाए गए मासूम के शव को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से बाहर निकाला गया। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चिकित्सकों की गठित टीम वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
बताया जाता है कि अंश मालीपुर बाजार स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ता था। मंगलवार को वह रोज़ की तरह स्कूल बस से विद्यालय गया था। परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे उसके पेट में तेज दर्द शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया। बच्चे को उल्टियां भी होने लगीं, लेकिन गंभीर हालत के बावजूद विद्यालय प्रशासन ने न तो उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और न ही समय रहते घर भेजा।
आरोप है कि छुट्टी के बाद अंश को बस से घर भेज दिया गया। रास्ते में ही उसे खून की उल्टी हुई और वह दर्द से तड़पता रहा। परिजनों का कहना है कि बस चालक व स्टाफ ने संवेदनहीनता दिखाते हुए उसे सड़क पर उतार दिया और चले गए। बाद में एक अन्य छात्र साइकिल से उसे घर पहुंचाया।
अंश के माता-पिता दोनों दृष्टिबाधित हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद वे अपने इकलौते बेटे के बेहतर भविष्य के लिए उसे निजी विद्यालय में पढ़ा रहे थे। परिजन बच्चे को इलाज के लिए जलालपुर ले गए, जहां एक निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया, लेकिन देर रात घर लौटने के बाद उसकी मौत हो गई। इकलौते सहारे की मौत से परिवार बदहवास है।
अगली सुबह ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम की बात कहे जाने के बावजूद शव को हमजापुर मंजूषा घाट पर दफना दिया। इसी दौरान कुछ बच्चों ने पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद मामला गरमा गया। मृतक की मां शशिकला पत्नी हीरालाल ने उपजिलाधिकारी राहुल गुप्ता को प्रार्थना पत्र देकर शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
गुरुवार को नायब तहसीलदार अमरनाथ द्विवेदी मजिस्ट्रेट के रूप में घाट पर पहुंचे। उनकी निगरानी में शव को कब्र से निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





