WhatsApp Icon

एक लाख का इनामिया आसिफ अली STF एनकाउंटर में ढेर! अम्बेडकरनगर में बड़ी वारदात की आशंका के बीच मुठभेड़, एक सिपाही घायल

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर जिले के बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास मंगलवार तड़के करीब चार बजे उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ अली (40) के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश मारा गया। मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ का एक सिपाही हाथ में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में आसिफ अली के सीने में दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, जगदीशपुर गांव के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। टीम को देखते ही आसिफ अली ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही घायल हो गया, जबकि आसिफ अली गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, आसिफ अली जौनपुर जिले का रहने वाला था और उस पर 01 लाख का इनाम घोषित था। वह छेमार गैंग का सरगना बताया जाता है और पति-पत्नी समेत छह हत्याओं सहित कई जघन्य मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ हत्या, डकैती और अन्य संगीन अपराधों के कई मुकदमे दर्ज थे। आरोप है कि वह अपने साथियों के साथ रात में घरों में घुसकर परिवार को बंधक बनाता, डकैती करता और विरोध करने पर हत्या कर फरार हो जाता था। वारदात के बाद वह लगातार ठिकाने और पहचान बदलकर अलग-अलग जिलों व राज्यों में छिपता रहता था।

एसटीएफ और स्थानीय पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आसिफ अली अम्बेडकरनगर किस उद्देश्य से आया था। जांच इस पहलू पर भी केंद्रित है कि क्या वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था या अपने आपराधिक नेटवर्क को विस्तार देने पहुंचा था।

मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही विस्तृत आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

अन्य खबर

सड़कों पर घूम रहे निराश्रित स्वानों पर प्रशासन सख्त, हर महीने चलेगा पकड़ने और टीकाकरण का अभियान!

रातभर सड़कों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, राम-भरत मिलन के साथ संपन्न हुआ बसखारी का ऐतिहासिक आयोजन, मजनू पिजड़ा की रही चर्चा

लखनऊ में छिपा बैठा था टाण्डा का ₹50 हजार का इनामी, पुलिस ने घर से दबोचा

error: Content is protected !!