अम्बेडकरनगर: होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती को लेकर जिले में सक्रिय दलालों और फर्जी वसूली करने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए सख्त चेतावनी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होमगार्ड भर्ती की पूरी प्रक्रिया उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा कराई जा रही है, जिसमें होमगार्ड विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी शामिल नहीं है।
पुलिस के अनुसार, कुछ शातिर लोग भर्ती कराने का झांसा देकर भोले-भाले युवाओं से मोटी रकम ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन ने इसे सीधा आपराधिक कृत्य बताते हुए कहा है कि ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
भर्ती मेरिट से होगी, लेन-देन से नहीं
पुलिस ने दो टूक शब्दों में कहा है कि भर्ती में न सिफारिश चलेगी और न ही पैसे का कोई रोल होगा। यदि कोई व्यक्ति अधिकारी बनकर, पहचान का दावा कर या सोशल मीडिया के जरिए भर्ती दिलाने की बात करता है, तो वह पूरी तरह फर्जी है।
पैसे मांगे तो तुरंत करें शिकायत
पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति भर्ती के नाम पर धन की मांग करता है, तो उसकी सूचना तत्काल दें—
जिला कमांडेंट होमगार्ड : 9076955088
पुलिस अधीक्षक: 9454400245
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम): 9454401006
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी): 9454400645
दलालों पर होगी कड़ी कार्रवाही
पुलिस ने साफ किया है कि भर्ती के नाम पर ठगी करने वालों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
सोशल मीडिया सेल, पुलिस विभाग अंबेडकरनगर द्वारा जारी इस चेतावनी के साथ प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
➡️ साफ संदेश:
मेहनत से भर्ती होगी, पैसे से नहीं।
ठगों से बचें, पुलिस को बताएं।





