छुट्टा पशुओं से फसल को बचाने के लिए लगाया गया था बिजली का नंगा तार
अम्बेडकरनगर: केला की खेती को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए लगाए गए बिजली के नंगे तार की चपेट में आने से 24 वर्षीय नौजवान की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना और तत्काल पहुंचे टाण्डा कोतवाल ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया एवं गलत ढंग से बिजली का नंगा तार लगाने वाले कि तलाश में जुट गए हैं।
टाण्डा कोतवाली क्षेत्र के अजमेरी बादशाहपुर गांव में आलोक उर्फ पप्पू माली द्वारा अपने केले की खेती को छुट्टा पशुओं से बचाने के उद्देश्य से लापरवाही पूर्वक बिजली का नंगा तार लगाया हुआ था जो खेत के चारों तरफ जमीन पर भी लगा हुआ था। प्राप्त जानकारी के अनुसार गाँव के पुरवा बसावनपुर निवासी 24 वर्षीय पवन कुमार यादव पुत्र श्री राम यादव बीती देर रात्रि में शौच के लिए खेत में गया था जहां बिजली के नंगे तार की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। सूचना पर टाण्डा कोतवाली निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी मय हमराही सिपाहियों के तत्काल गाँव मे पहुंचे जहां मृतक का शव चारपाई पर बरामद किया। मृतक के भाई रंगत लाल यादव उर्फ साधू की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव का पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और खेत मे लापरवाही पूर्वक बिजली का नंगा तार लगाने वाले आलोक उर्फ पप्पू माली की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गए हैं।
बहरहाल छुट्टा पशुओं से खेत को बचाने के लिए बिजली का नंगा तार लगाने से कई लोगों की जान जा चुकी है लेकिन फिर भी खेतों में बिजली का नंगा तार लगाने से बाज़ नहीं आ रहे हैं जिसके कारण पुनः एक नौजवान की असामयिक मौत हो गई जिससे परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।





