अम्बेडकरनगर: मुख्यमंत्री पोर्टल पर निजी अस्पताल पर लापरवाही से ऑपरेशन करने के बाद इलाज़ के दौरान हुई मौत की शिकायत का संज्ञान लेते हुए बुधवार दोपहर बाद टाण्डा उप जिलाधिकारी मोहन लाल गुप्ता ने डॉक्टरों की टीम के साथ टाण्डा नगर के मोहल्ला मुबारक पुर के मोहन गंज चौराहे पर स्थित अमन नर्सिंग होम को सीज कर दिया और जरूरी दस्तावेज अभिरक्षा में ले लिया।वहीं नर्सिंग होम में एक अपोरेशन शुदा महिला को एम्बुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल भेजवाया।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर कमलेश पुत्र अच्छेलाल निवासी मोहल्ला मुबारकपुर पुलिस चौकी के पास ने यह शिकायत किया कि मेरी माता सिंगारी देवी जिसे पथरी की शिकायत थी जिसे हमने गत 23 मार्च को अमन नर्सिंग होम पर ले जाया गया, जहां पर मौजूद नरसिंग होम संचालक ने अपने डा.अखिलेश मौर्य को बुलाया और ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दिया और 20 हजार रुपये जमा कर लिया और कहा कि 50 हजार रुपये की व्यवस्था करो ऑपरेशन शुरू कर दिया शिकायत में कहा गया कि ऑपरेशन को अकुशल व अयोग्य डॉक्टर द्वारा किये जाने से रक्तस्राव शुरू हो गया जिसे बिना बताए डॉक्टर ने टांका लगा दिया और मरीज की हालत ठीक न होने पर उसे आजमगढ़ शिफ्ट करने की बात कहते हुए और रुपयों की मांग किया इसी को देखते हुए एक सप्ताह बीत गया और 30 मार्च तक रक्त स्राव होता रहा जिस पर डा. अखिलेश मौर्य ने मेरी माता का दूसरा ऑपरेशन कर दिया जिस कारण रक्त स्राव और बढ़ने लगा यह सब देख कर अखिलेश मौर्य डर गया और आजमगढ़ भाग गया। शिकायत कर्ता ने कहा कि हमारी काफी कोशिश के बाद 8 अप्रैल को किंग जॉर्ज मेडिकल कालेज लखनऊ रेफर कर दिया जहां पर डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर की लापरवाही से लीकेज होने कारण मेरी माता की 13 अप्रैल को मौत हो गयी।
सीएम से गोहार लगाने के बाद शिकायत की जांच मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपी गई, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एसडीएम टाण्डा मोहनलाल गुप्ता की अध्यक्षता में एक टीम गठित की जिसमे अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रामा नन्द, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. गौतम मिश्रा, सीएचसी टाण्डा के अधीक्षक डा. दिनेश चंद्र वर्मा व एस डी एम न्यायिक डा. शशि शेखर को जांच हेतु भेजा। नर्सिंग होम पर टीम पहुंचने पर वहां एक सीजर ऑपरेशन शुदा महिला पुनीत पत्नी प्रकाश निवासी ग्राम अमिया बाभनपुर मिली जिसे टीम ने एम्बुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल भेजवाया।मौजूद पुनीत के परिजनों ने बताया कि उसका ऑपरेशन सरकारी अस्पताल एमसीबी में तैनात डा. रंजीत पटेल ने किया है। मौके पर नर्सिंग होम खाली कराकर सील कर दिया गया और दोनों ऑपरेशनों से सम्बंधित कागजात कब्जे में लिया गया जिसकी जॉच के बाद एफ आई आर दर्ज कराने की बात अधिकारियों ने कही। वहीं एसडीएम मोहन लाल गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में बिना लाइसेंस के चल रहे नर्सिंग होमों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जाएगा और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।





