अम्बेडकरनगर: टाण्डा नगर क्षेत्र के कश्मिरिया पर स्थित बहुप्रसिद्ध दरगाह ख़्वाजा गौहर अली शाह का 131वां वार्षिक उर्स मुकद्दस गुरुवार से शुरू हो गया है।
उक्त जानकारी दरगाह गौहर अली शाह के सज्जादानशीन सरफराज शाह गौहरी चिश्ती ने देते हुए बताया कि ख़्वाजा गौहर अली शाह का वार्षिक उर्स सिर्फ धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि आध्यात्मिक व आपसी सौहार्द मोहब्बत का संदेश देते हुए राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है।
श्री सरफराज ने बताया कि गुरुवार की शाम को मज़ार ख़्वाजा गौहर अली शाह के ग़ुस्ल शरीफ किया जाएगा और रात्रि में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगें। उर्स के दूसरे दिन 19 दिसम्बर शुक्रवार को बाद नमाज़ असर रस्म संदल शरीफ व बाद नमाज़ मगरिब कुल शरीफ तथा इशां की नमाज़ के बाद महफ़िल ए शमा कव्वाली का आयोजन होगा। उर्स के तीसरे दिन शनिवार को बाद नमाज़ फ़ज़र फुकरा बानवा जाएंगे और बाद नमाज़ मगरिब गागर शरीफ व बाद नमाज़ इशां महफ़िल मीलाद शरीफ तथा जियारते मुये मुबारक व नलैन शरीफ कराई जाएगी।
131वें उर्स गौहरी के अंतिम दिन रविवार को बाद नमाज़ असर ख़िरका पोशी की रस्म सज्जादानशीन मौलाना सरफराज शाह चिश्ती गौहरी अदा कर तबर्रुकात ए गौहरी की ज़ियारत कराएंगे।
सज्जादानशीन मौलाना सरफराज शाह चिश्ती गौहरी ने सभी अकीदतमंदों से अपील किया है कि ठण्ड के मौसम को देखते हुए गर्म कपड़ों सहित आवश्यक प्रबंधों के साथ दरगाह शरीफ पर पहुंच कर उर्से गौहरी के कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर शामिल हों और देश में अमन चैन की दुआएं मांगे।




