तीन दशक की समाजसेवा को प्रशासन ने दिया बहुत बड़ा सम्मान – धर्मवीर सिंह बग्गा को बधाइयाँ देने का सिलसिला जारी
अम्बेडकरनगर जनपद में पहली बार किसी समाजसेवी को प्रशासन ने इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर साफ संदेश दिया है कि अब समाज के लिए काम करने वालों को भी सिस्टम में जगह मिल रही है। लंबे समय से जनसेवा में जुटे वरिष्ठ समाजसेवी धर्मवीर सिंह बग्गा को जिला प्रशासन ने नागरिक सुरक्षा कोर में डिप्टी चीफ वार्डन के पद पर नियुक्त किया है।
जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर कार्यालय से जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार धर्मवीर सिंह बग्गा को टाण्डा प्रखंड में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।
दरअसल, धर्मवीर सिंह बग्गा पिछले करीब 30 वर्षों से समाजसेवा की मजबूत मिसाल बने हुए हैं। उनकी संस्था “सेवहि धर्म” के माध्यम से उन्होंने समाज में कई ऐतिहासिक पहल की हैं। कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा के खिलाफ उन्होंने सर्वधर्म सामूहिक विवाह का अभियान चलाकर अब तक 1000 से अधिक गरीब बेटियों का कन्यादान कराया है, जो अपने आप में एक बड़ी सामाजिक उपलब्धि मानी जा रही है और कन्या विवाह सहयोग सेवा के सहारे लगातार हज़ारों जरूरतमंदों की उम्मीद बने हुए हैं।
सिर्फ इतना ही नहीं, श्री बग्गा लगभग डेढ़ दशक से प्रतिदिन दो समय निःशुल्क लंगर चलाकर गरीब, मजदूर और जरूरतमंद लोगों को भोजन करा रहे हैं। वहीं “नेकी की दीवार” जैसी पहल के माध्यम से जरूरतमंदों को कपड़े और जरूरी सामान उपलब्ध कराकर मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं।
“कोरोना संकट में भी बने थे उम्मीद की किरण”
वैश्विक कोरोना महामारी के दौरान जब लोग घरों में कैद थे और प्रशासनिक तंत्र भी दबाव में था, उस समय धर्मवीर सिंह बग्गा ने अपनी टीम के साथ पूरे जनपद में सड़कों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों को सेनेटाइज कराने का अभियान चलाया और बड़ी संख्या में हैंड सेनिटाइजर व मास्क वितरण किया। उनके इस योगदान को आज भी लोग याद करते हैं।
राष्ट्रीय एकता और आपसी सौहार्द को मजबूत बनाने के लिए भी श्री बग्गा समय-समय पर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करते रहते हैं। श्री बग्गा की पवित्र माह रमज़ान में दी जाने वाली इफ्तार पार्टी व श्री शिवभक्त कांवर सेवा शिविर इसकी अनोखी मिसाल है।
प्रशासन के इस फैसले को समाजसेवा की जीत माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार किसी ऐसे व्यक्ति को नागरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी मिली है जिसने वर्षों तक बिना किसी स्वार्थ के समाज की सेवा की है। श्री बग्गा को लगातार बधाइयां मिलने का सिलसिला जारी है।





