श्री झारखण्ड महादेव कांवरिया सेवा मण्डल टाण्डा ने सभी अधिकारियों को सौंपा मांगपत्र
अम्बेडकरनगर: आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर टाण्डा में तैयारियों को लेकर चिंता बढ़ गई है। श्री झारखण्ड महादेव कांवरिया सेवा मण्डल, टाण्डा ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, सीएचसी प्रभारी, विद्युत विभाग, कोतवाली पुलिस समेत संबंधित विभागों को 18 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है। मंडल का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाएं नहीं हुईं तो हजारों शिवभक्त कांवरियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
मंडल के अध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि आगमी 13 अगस्त गुरुवार से 17 अगस्त सोमवार रात्रि तक श्री झारखण्ड महादेव मंदिर परिसर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी विशाल कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क अल्पाहार, प्राथमिक चिकित्सा और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की जाएगी। ऐसे में प्रशासनिक सहयोग और मूलभूत सुविधाओं का समय से उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।
मांगपत्र में सबसे पहले एनटीपीसी द्वारा निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण सम्हरिया से मखदूमनगर तक कंकरीले मार्ग की तत्काल मरम्मत तथा सालारगढ़ से चौक घंटाघर तक जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग उठाई गई है। इसके अलावा श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को सभी शिवालयों पर विशेष साफ-सफाई, चूना छिड़काव और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
मंडल ने सरकारी अस्पताल आसोपुर से झारखण्डी मंदिर, चौक से नेहरू नगर, चिन्तौरा चौराहे से महादेवा घाट और जोत अवस्थी चौराहे तक प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर, खराब हैंडपंपों की मरम्मत, शिविर स्थल की साफ-सफाई, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे, डुहिया महादेव मंदिर तक मार्ग में स्थित सभी शिव मंदिरों पर प्रकाश व्यवस्था, 10 एलईडी स्ट्रीट लाइट, मंदिर परिसर में अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट और तीन सोलर लाइट लगाने की भी मांग की है।
इसके साथ ही मंदिर परिसर में दो पानी के टैंक, तीन मोबाइल शौचालय, अस्थायी चिकित्सालय, डॉक्टरों और कम्पाउंडरों की तैनाती, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता, सर्पदंश और कुत्ता काटने के इंजेक्शन सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराने, 10 अगस्त से 17 अगस्त तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान, बिजली के तारों से सटी पेड़ों की टहनियों की छंटाई तथा बिजली के खंभों में करंट उतरने की समस्या दूर करने के लिए सुरक्षा उपाय करने की भी मांग की गई है।
सेवा मंडल ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु टाण्डा होकर गुजरते हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। समय रहते तैयारियां पूरी नहीं हुईं तो किसी भी प्रकार की अव्यवस्था का खामियाजा श्रद्धालुओं को भुगतना पड़ सकता है।
इस अवसर पर अध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, महामंत्री अमर शंकर वर्मा, महामंत्री भंवर सिंह चौहान, उपाध्यक्ष राकेश सोनकर, आलोक चौरसिया, जंग बहादुर कन्नौजिया, संरक्षक श्रवण अग्रवाल, उपाध्यक्ष पप्पू यादव, सदस्य विशु सलूजा, रमाकांत मोदनवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




