दो दिन तक ईमानदारी का नाटक, तीसरे दिन जेवर चमकाने का लालच देकर महिलाओं को बनाया शिकार; लाखों के आभूषण लेकर फरार हुए शातिर
अम्बेडकरनगर: जिले के शहजादपुर क्षेत्र के पहितीपुर रोड पर सक्रिय एक शातिर ठग गैंग ने बड़ी सफाई से महिलाओं को अपना शिकार बना लिया। गिरोह के सदस्य पहले दो दिनों तक घर-घर घूमकर मात्र 20 रुपये में टूटे हुए बर्तन जोड़ने और ठीक करने का काम करते रहे। कम कीमत और सही काम के कारण लोगों का उन पर पूरा भरोसा बन गया।
तीसरे दिन ठगों ने अपनी असली चाल चली। उन्होंने महिलाओं को पुराने सोने-चांदी के जेवरात नए जैसे चमकाने और विशेष ऑफर का लालच दिया। भरोसे में आई महिलाओं ने अपने आभूषण उन्हें सौंप दिए। कुछ ही देर बाद ठग जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए।
इस ठगी की शिकार मालती चौरसिया, सरिता, लाली, प्यारी देवी और प्रियंका ने मीडिया के सामने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। महिलाओं का कहना है कि दो दिनों तक बर्तन ठीक करने के कारण उन्हें जरा भी शक नहीं हुआ। इसी भरोसे का फायदा उठाकर ठग उनके कीमती जेवर लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसे सुनियोजित ठगी बताते हुए पुलिस से गैंग की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी और जेवरात बरामद करने की मांग की है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि घर-घर घूमकर ऑफर देने वाले अज्ञात लोगों के झांसे में न आएं और किसी भी कीमती सामान को उनके हवाले न करें।




