अम्बेडकरनगर: होली पर्व के सकुशल संपन्न होते ही टांडा में अब भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2083 के स्वागत की तैयारियां तेज हो गई हैं। नव संवत्सर स्वागत समारोह समिति ने इस बार नववर्ष को भव्य धार्मिक आयोजन और दीपों की अलौकिक आभा के साथ मनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
आयोजन को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति की अहम बैठक चौक स्थित श्री नटराज मंदिर प्रांगण में सरदार त्रिलोक सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जबकि बैठक का संचालन महामंत्री दिनेश नारायण सिंह ने किया। बैठक में पदाधिकारियों और सदस्यों ने विस्तार से विचार-विमर्श कर पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तय की।
महामंत्री दिनेश नारायण सिंह ने बताया कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च 2026) को सायं 5:30 बजे से श्री हनुमानगढ़ी मंदिर के समीप पुण्य सलिला मां सरयू का विधि-विधान से पूजन, दुग्धाभिषेक और 21,551 दीपों से भव्य महाआरती की जाएगी। दीपों की यह जगमगाहट नवसंवत्सर 2083 के स्वागत को आस्था और उत्साह का विराट रूप देगी।
इस महाआरती का आयोजन पंडित राकेश मिश्रा, अनिरुद्ध अग्रवाल, राजेश कुमार साहू, अरुण अग्रवाल, बजरंगी लाल सोनी, आकाश शाह, काशीनाथ मिश्र और जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा।
इसी क्रम में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी (27 मार्च) पर सायं 6 बजे से प्रभु श्रीराम के बाल स्वरूप की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा श्री रामलीला रंगमंच चौक से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए श्रद्धालुओं में भक्ति और उत्साह का संचार करेगी।
शोभायात्रा गुरुद्वारा सिंह सभा छज्जापुर, झारखंड महादेव मंदिर, नवदुर्गा मंदिर फत्तूपट्टी, आदर्श जनता इंटर कॉलेज चौराहा, रोडवेज, नागेश्वर नाथ मंदिर चौक, एसबीआई तिराहा मीरानपुरा, उदासीन आश्रम, सब्जी मंडी, कपड़ा मंडी, पिंडी महादेव मंदिर और मठिया माता मंदिर होते हुए पारंपरिक मार्ग से पुलिस बूथ चौक पहुंचेगी।
चौक स्थित पुलिस बूथ के पास बजरंगी लाल सोनी, आकाश शाह, काशीनाथ मिश्र, राजेश कुमार साहू, सलिल अग्रवाल, गोविंद सिंह और दिनेश कश्यप के नेतृत्व में विशाल हवन, महाआरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ समारोह का समापन होगा।
बैठक में पंडित राकेश कुमार मिश्र, अनिरुद्ध अग्रवाल, राजेश कुमार साहू, जयप्रकाश यादव, गोविंद सिंह, अखिल कपूर, सुनील सोनी, गोलू अग्रहरि और आदित्य समेत समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में महामंत्री दिनेश नारायण सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए सभी सदस्यों से अपने-अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभाने की अपील की।








