अम्बेडकरनगर: टांडा के होनहार युवा असहाब अहमद अंसारी के इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट पद पर चयन होने के बाद उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है। क्षेत्र के लोग, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि उनके घर पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं।
इसी क्रम में टांडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राममूर्ति वर्मा ने मोहल्ला मुसहा स्थित असहाब अहमद अंसारी के आवास पर पहुंचकर उन्हें पुष्पमाला पहनाई और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। टाण्डा विधायक ने असहाब की उपलब्धि को टांडा और पूरे जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही दिशा और निरंतर प्रयास की होती है। असहाब ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया है कि संघर्ष और अनुशासन के दम पर बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर सपा नगर अध्यक्ष सैय्यद कसीम अशरफ, इसरार अहमद, ज़फर हयात अंसारी सहित परिवार के सदस्य, शुभचिंतक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। सभी ने असहाब के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी सफलता पर खुशी जाहिर की। टांडा नगर में असहाब की उपलब्धि चर्चा का विषय बनी हुई है और युवाओं के बीच इसे प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।




