WhatsApp Icon

पावरलूम में दौड़ते करंट ने छीनी बुनकर की जिंदगी, बिना पुलिस सूचना के किया सुपुर्द-ए-खाक

Sharing Is Caring:
मशीन छूते ही करंट की चपेट में आया 40 वर्षीय अल्ताफ, निजी चिकित्सक ने किया मृत घोषित; पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

अम्बेडकरनगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के नगपुर गांव के करीमपुर मोहल्ले में बुधवार को पावरलूम पर काम कर रहे एक बुनकर की विद्युत करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि पावरलूम में पहले से प्रवाहित करंट ने जैसे ही मशीन चलाने पहुंचे 40 वर्षीय बुनकर को अपनी चपेट में लिया, वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। खास बात यह रही कि परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।

करीमपुर मोहल्ला निवासी अल्ताफ हुसैन (40) नगपुर के मुस्तफाबाद मोहल्ले में अपने ससुराल पक्ष के सरवर इमाम के यहां पावरलूम चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार को वह रोज की तरह काम पर पहुंचा था। बताया जाता है कि जैसे ही उसने लूम चलाने के लिए हाथ लगाया, मशीन में प्रवाहित करंट ने उसे जोरदार झटका दे दिया। करंट की चपेट में आते ही वह जमीन पर गिरकर अचेत हो गया।

हादसे के बाद वहां मौजूद लोग घबरा गए और तत्काल अल्ताफ को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

बताया जाता है कि अल्ताफ अपने पीछे एक बेटा और चार बेटियां छोड़ गया है। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा रहा।

इधर, परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी और शव को गांव के समीप छोटी दरगाह करीमपुर स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। पुलिस को मामले की भनक तक नहीं लगी।

कोतवाल बोले—नहीं मिली कोई सूचना

इस संबंध में जलालपुर कोतवाल ने बताया कि विद्युत करंट से बुनकर की मौत की घटना की पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिली है।

अन्य खबर

दिव्यांगजनों के लिए खुला सहूलियत का रास्ता! विकास भवन में बांटी गईं साइकिल, व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

पिता ने बेटे के कंधों पर सजाए स्टार तो गर्व से चौड़ा हुआ सीना! जीवन प्रकाश तिवारी बने एनसीसी सेकंड ऑफिसर, जलालपुर में खुशी की लहर

हंसवर पुलिस का बड़ा एक्शन! 715 ग्राम स्मैक-हेरोइन के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार, पांच-पांच मुकदमों का आपराधिक इतिहास

error: Content is protected !!