प्रत्येक सीएचओ को प्रतिदिन कम से कम 25 गोल्डन कार्ड बनाने का दिया लक्ष्य
अम्बेडकरनगर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने आयुष्मान भारत योजना को लेकर प्रशासनिक मशीनरी की रफ्तार तेज कर दी है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने साफ निर्देश दिए कि जनपद के सभी पात्र परिवारों और लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड हर हाल में 14 अगस्त 2026 तक बना दिए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
बैठक में डीएम ने सभी एमओआईसी को सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के लिए रोजाना लक्ष्य तय कर माइक्रो प्लान तैयार करने का आदेश दिया। हर सीएचओ को प्रतिदिन कम से कम 25 गोल्डन कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है। साथ ही जिला विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को रोजाना प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने अभियान को और तेज करने के लिए कोटेदारों, पंचायत सहायकों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मदद लेने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में डॉ संजय कुमार शैवाल समेत स्वास्थ्य व प्रशासनिक विभाग के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।




