अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: गोपाल सोनकर जलालपुर) शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब बरक्षा के दिन लड़की पक्ष ने अचानक शादी से हाथ खींच लिया। घर में मेहमानों की तैयारियां पूरी थीं, रस्में तय थीं, लेकिन दोपहर में आए एक फोन कॉल ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
मामला जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के मंगुरा डीला गांव का है। गांव निवासी संजय के अनुसार उनके पुत्र की शादी इमलीपुर निवासी भानु की पुत्री से तय हुई थी। सोमवार को बरक्षा कार्यक्रम होना था और दोनों परिवारों में तैयारियां जोरों पर थीं। आरोप है कि दोपहर करीब एक बजे लड़की पक्ष की ओर से फोन आया कि “लड़की शादी नहीं करना चाहती”, इसलिए वे बरक्षा लेकर नहीं आएंगे।
फोन कटते ही लड़के पक्ष के घर में सन्नाटा पसर गया। परिवार का आरोप है कि शादी की तैयारियों में हजारों रुपये खर्च हो चुके थे। रिश्तेदार बुलाए जा चुके थे और सामाजिक स्तर पर भी उन्हें भारी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा।
पीड़ित संजय ने जलालपुर कोतवाली पहुंचकर लड़की पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने आर्थिक नुकसान की भरपाई और कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, इस पूरे मामले में जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




