आगामी 25, 26 व 27 मार्च को होगा कार्यक्रम, महामाया ऑडोटोरियम, कलेक्ट्रेट परिसर, लोहिया भवन में आयोजित होगा कार्यक्रम
अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: आलम खान एडिटर-मान्यता प्राप्त पत्रकार) उत्तर प्रदेश सरकार के 08 वर्ष पूर्ण होने पर कलेक्ट्रेट सहित जनपद के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर जश्न मनाने की तैयारियां तेज़ हो गई है। इस दौरान युवा बेरोजगारों को भी शानदार मौका मिलेगा।
उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर अम्बेडकरनगर में जिला सेवायोजन कार्यालय, राजकीय आईटीआई अकबरपुर एवं कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिनों का रोजगार मेला और कॅरियर काउन्सिलिंग का आयोजन कलेक्ट्रेट कैंपस में 25, 26 व 27 मार्च को किया गया है। प्रदेश सरकार के 08 वर्ष की सफलता पर आगामी 25 मार्च को 11 बजे से 02 बजे के बीच महामाया मेडिकल कालेज में स्थित ऑडोटोरियम हाल में प्रथम सत्र का शुभारंभ किया जाएगा जबकि कलेक्ट्रेट में 10 बजे से 05 बजे तक तीनों दिन प्रदर्शनी व बेरोजगार मेला का आयोजन होगा। जश्न के तीनों दिन लोहिया भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।
बेरोजगार मेला में आने वाले अभ्यर्थियों की कॅरियर काउन्सिलिंग के माध्यम से उनके भविष्य निर्माण के सम्बन्ध में मार्गदर्शन किया जाएगा। रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा सहित कम्पनियों में साक्षात्कार में हिस्सा ले सकते है। यह रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है।
उक्त रोजगार मेले में देश व प्रदेश के निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां जैसे सोनी इलेक्ट्रानिक्स, स्पार्क मिन्डा, न्यू हालैन्ड ट्रैक्टर, श्री गनेशा कन्सल्टैन्ट मैन पॉवर सर्विसेज, महादेव हनुमान विजय प्लेसमेंट सर्विसेज, क्वेस कार्प, पीपल ट्री ऑनलाइन, एलआईसी, पुखराज हेल्थ केयर, शिवशक्ति एग्रीटेक आदि इस जनपद के बेरोजगार पुरूष व महिला अभ्यर्थियों को सेवायोजित करने हेतु प्रतिभाग करेंगी। मेले में 18 से 40 वर्ष तक आयु के कक्षा 10वीं/ 12वीं उत्तीर्ण व अन्य उच्चतर योग्यताधारी अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते है। प्रत्येक बेरोजगार युवक/युवतियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर अपना पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन उपरान्त ही मेंले में प्रतिभाग कर सकते है। उक्त मेले में प्रतिभाग करने हेतु कोई भी मार्ग व्यय/भत्ता देय नहीं होगा। उक्त जानकारियां जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीती पाण्डेय द्वारा सूचना विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।





