अम्बेडकरनगर/लखनऊ: बुधवार को एक सनसनीखेज ईमेल ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया। लखनऊ स्थित पासपोर्ट ऑफिस को भेजे गए मेल में “रीजनल पोस्ट ऑफिस” को दोपहर 2:10 बजे बम से उड़ाने की धमकी दी गई। हालांकि, मेल में किसी विशेष स्थान का जिक्र नहीं होने से सुरक्षा एजेंसियों के सामने चुनौती खड़ी हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया तंत्र अलर्ट मोड पर आ गए। CO टाण्डा शुभम कुमार के मुताबिक, एहतियातन अकबरपुर पोस्ट ऑफिस समेत आसपास के डाकघरों की सघन तलाशी ली गई। घंटों चली जांच के बावजूद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे राहत जरूर मिली, लेकिन खतरे की आशंका बनी रही।
इस धमकी को हल्के में नहीं लिया जा रहा है। साइबर सेल से लेकर खुफिया एजेंसियां तक ईमेल के स्रोत और साजिश की गहराई तक पहुंचने में जुटी हैं। प्राथमिक जांच में इसे शरारती तत्व की हरकत माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं।
घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील संस्थानों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।




