WhatsApp Icon

टाण्डा: 21,551 दीपों की आलोकित आस्था, सरयू तट पर गूंजा नव संवत्सर 2083 का भव्य स्वागत

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर: बासंतिक नवरात्र के प्रथम दिवस पर नव संवत्सर 2083 विक्रमी के स्वागत में टांडा में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। नव संवत्सर स्वागत समारोह समिति टांडा के तत्वावधान में पतित पावनी मां सरयू के तट पर 21,551 दीपों से भव्य महाआरती, दुग्धाभिषेक एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


बीती शाम 5:30 बजे पुण्य सलिला सरयू की पवित्र जलधारा में नाव पर स्थापित मंच से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश मिश्रा ने यजमान दंपतियों—अंशुल अग्रवाल, सरदार त्रिलोक सिंह और दिनेश नारायण सिंह—को संकल्प कराते हुए विधि-विधान से पूजन सम्पन्न कराया। इस दौरान दुग्धाभिषेक, चुनरी अर्पण और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
टाण्डा नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों से सजी हुई आरती लेकर मां सरयू की सामूहिक आरती की। गोधूलि बेला में स्वस्तिवाचन के साथ प्रज्वलित हजारों दीपों की महाआरती ने ऐसा अलौकिक दृश्य प्रस्तुत किया, जिसे देख हर श्रद्धालु भावविभोर हो उठा।
शंखनाद और घंटा-घड़ियाल की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने दीपदान कर नव संवत्सर का स्वागत किया। सरयू की जलधारा में झिलमिलाते दीपों की छटा मानो पूरे सृष्टि के उल्लास और नव आरंभ की प्रतीक बन गई।
कार्यक्रम स्थल को फूल-मालाओं, मां दुर्गा की पताकाओं और विद्युत सजावट से भव्य रूप दिया गया था। विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा शुभकामना पट्ट भी लगाए गए थे।
महा आरती की व्यवस्था में आनंद कुमार अग्रवाल, बजरंगी लाल सोनी, राकेश कुमार अग्रवाल, अनिल सिंह, अनिरुद्ध अग्रवाल, दीपक केडिया, आकाश शाह, दिनेश कश्यप, राजेश कुमार साहू, संतोष कुमार अग्रवाल, राकेश कनौजिया, मनोज सोनी, अखिल कपूर, सुनील सोनी, पप्पू यादव, प्रतिभा सिंह, वैशाली सिंह, हर्षिता, अनुष्का सिंह, जयप्रकाश यादव, काशीनाथ मिश्रा, सत्येंद्र आर्य सहित अनेक लोग सक्रिय रहे।
समिति के महामंत्री दिनेश नारायण सिंह ने उपस्थित श्रद्धालुओं को नव संवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए नदियों की शुद्धता, पवित्रता और अविरलता बनाए रखने का संकल्प दिलाया। वहीं, अध्यक्ष आनंद कुमार अग्रवाल ने सभी सहयोगियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

अन्य खबर

संदिग्ध परिस्थितियों में 8 वर्षीय बच्ची को लगी गोली, हालत गंभीर

अम्बेडकरनगर में हर पात्र परिवार का बनेगा आयुष्मान कार्ड, डीएम ईशा प्रिया ने अफसरों को दी सख्त डेडलाइन

पर्वों से पहले सड़क पर उतरीं कप्तान प्राची सिंह, टाण्डा में पैदल मार्च कर अपराधियों को दिया सख्त संदेश

error: Content is protected !!

We use cookies for analytics and advertising. By continuing to use this site, you consent to our use of cookies.