अम्बेडकरनगर: पवित्र पर्व ईद-उल-फितर के मौके पर हेल्प प्वाइंट एनजीओ ने एक बार फिर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए जरूरतमंदों के बीच सैकड़ों ईद किट का वितरण किया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी संस्था द्वारा सेवई, चीनी, घी सहित आवश्यक खाद्य सामग्री वितरित की गई, ताकि कोई भी गरीब परिवार ईद की खुशियों से वंचित न रह जाए।
संस्था के संस्थापक फखरे आलम खान के निर्देशन में हीरापुर टीम ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ यह अभियान चलाया। टीम के सदस्यों ने घर-घर जाकर जरूरतमंदों को ईद किट सौंपते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। इंस्ट्राग्राम पर वीडियो देखने के लिए इसे टच करें।
गौरतलब है कि हेल्प प्वाइंट एनजीओ की शुरुआत नशा विरोधी अभियान से हुई थी, जिसमें युवाओं की एक टीम समाज को जागरूक करने के लिए आगे आई। समय के साथ संस्था ने अपने कार्यक्षेत्र का विस्तार करते हुए कपड़ा वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और विभिन्न स्थानों पर मेगा मेडिकल कैम्प का आयोजन भी शुरू किया, जहां जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं वितरित की जाती हैं। इस खबर की वीडियो फेसबुक पर देखने के लिए 💐 इसे टच करें
हीरापुर टीम के सक्रिय सदस्य आफताब आलम बबलू द्वारा शादी-विवाह जैसे अवसरों पर जरूरतमंदों को बेड आदि की सेवा भी उपलब्ध कराई जाती है, जो संस्था के सेवा भाव को और मजबूत बनाता है। वहीं दरगाह किछौछा में संस्था के संस्थापक सदस्य फैज़ान खान लगातार गरीबों और जरूरतमंदों की मदद में जुटे रहते हैं।
संस्था के इस सराहनीय प्रयास से क्षेत्र में ईद की खुशियां और भी खास हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने हेल्प प्वाइंट एनजीओ की इस पहल की जमकर प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।








