करोड़ों का निर्माण टेंडर निरस्त कर एक सप्ताह में पुनः पारदर्शिता से टेण्डर कराने का निर्देश
अम्बेडकरनगर: टांडा नगर पालिका परिषद की चेयरमैन श्रीमती शबाना नाज़ ने बोल्ड कदम उठाते हुए करोड़ों के निर्माण टेण्डर को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया और एक सप्ताह में उक्त कार्यों का ई टेण्डर कराने का निर्देश दिया और कहा कि किसी भी कीमत पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताते चलेंकि नगर पालिका परिषद टांडा से निर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती शबाना नाज़ को दो तीन माह से स्वयं नगर पालिका कार्यालय में बैठ कर सभी कार्यों को अपनी निगरानी में कराया जाने लगा है जिसके कारण नगर पालिका कर्मियों में हड़कम्प मचा हुआ है। टांडा चेयरमैन श्रीमती शबाना नाज़ ने गत दिनों नगर पालिका कर्मियों के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर दिशा निर्देश जारी किया था और पटलों का औचक निरीक्षण करने के साथ नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का भी दौरा किया था और इस दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से सभी को अपने कार्यों व कर्तव्यों को समयबद्ध ढंग से निर्वाह करने के लिए निर्देशित किया था।
गत 09 अप्रैल को नगर पालिका परिक्षेत्र के 95 स्थानों पर निर्माण कार्य के लिए 08 करोड़ से अधिक की ई निविदा प्रकाशित की गई थी। उक्त निविदा की प्रक्रिया चल ही रही थी कि आधा दर्जन से अधिक ठेकेदारों द्वारा लिखित शिकायत की गई थी कि कई ठेकेदारों की निविदा शुल्क एक ही एकाउंट से जमा की गई थी जिससे प्रतीत होता है कि निविदा में मिली भगत की गई है। उक्त मामले को संज्ञान में लेने के बाद विधिक राय लेते हुए नगर पालिका चेयरमैन श्रीमती शबाना नाज़ ने कड़ा फैसला लेते हुए पत्र संख्या 27/2025-26 पर 95 निर्माण कार्यों के लिए आमंत्रित निर्माण निविदा को निरस्त करते हुए निर्देशित किया कि शासन की मंशानुसार पारदर्शी ढंग से एक सप्ताह में उक्त कार्यों की ई निविदा आमंत्रित की जाए जिससे टांडा नगर का विकास हो सके। श्रीमती शबाना नाज़ ने कहा कि टेण्डर प्रक्रिया व कार्यों में होने वाली अनियमितता कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




