अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: आलम खान – एडिटर इन चीफ/मान्यता प्राप्त पत्रकार) पवित्र माह रमज़ान व आगमी होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग स्व सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन वचनबद्ध है और सभी त्यौहारों को संभ्रांत नागरिकों के साथ मिलकर सम्पन्न कराया जाएगा।
उक्त बातें टांडा तहसील सभागार में आयोजित पीस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी मोहनलाल गुप्ता ने कही। उन्होंने कहा कि टांडा तहसील व पुलिस प्रशासन आप सभी के सहयोग की अपेक्षा करता है जिससे त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जा सके। उपजिलाधिकारी श्री मोहनलाल ने एसडीओ विद्युत को पवित्र रमज़ान माह में प्रातः काल सेहरी के समय बिजली कटौती मुक्त रखने का निर्देश दिया है।
टांडा होली जुलूस समिति के महामंत्री दिनेश मौर्य ने अवगत कराया कि होलिका दहन रात्रि लगभग 10:30 बजे होगा तथा होली जुलूस परंपरागत मार्गों से होता हुआ पूर्व वर्षों की भांति समाप्त होगा।
पुलिस उपाधीक्षक टांडा शुभम कुमार ने अवगत कराया कि पवित्र माह रमज़ान के दौरान मनाई जाने वाली होली को शांतिपूर्ण व सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारिया कर रखी है। उन्होंने अराजकतत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि माहौल को खराब करने का प्रयास करने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। श्री शुभम ने अवगत कराया कि सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

नवागत टांडा कोतवाली निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी ने सुरक्षा का पूर्ण विश्वास दिलाते हुए कहा कि टांडा व मुबारकपुर में निकलने वाले होली जुलूस के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाएगी। टांडा जुलूस मार्ग में 11 व मुबारकपुर होली जुलूस में 01 मस्जिद पड़ रही है जहां जुलूस के दौरान संभ्रांत लोगों के साथ मित्र पुलिस मौजूद रहेगी जिससे जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी डॉ आशीष सिंह ने संभ्रांत नागरिकों को आश्वस्त किया कि रमज़ान माह में जहां समुचित साफ सफाई, चूने का छिड़काव व पानी की व्यवस्था की जा रही है वहीं होली पर्व पर अतरिक्त व्यवस्था कर साफ सफाई व चूने का छिड़काव तथा निर्बाध जल सप्लाई की जाएगी। उक्त अवसर पर नगर क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।





