अम्बेडकरनगर: समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंदों के लिए एनटीपीसी टांडा का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर अब एक नियमित और भरोसेमंद जनसेवा अभियान बन चुका है। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस भव्य शिविर में जनपद ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में जरूरतमंद मरीज पहुंचते हैं और आंखों की रोशनी पाकर नया जीवन शुरू करते हैं।
नैगमिक सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत गरिमा महिला मंडल के सहयोग से इस वर्ष भी यह सेवा अभियान पूरी प्रतिबद्धता के साथ आयोजित किया जा रहा है। 23 व 24 फरवरी को आरोग्यम चिकित्सालय, एनटीपीसी टांडा में पंजीकरण एवं जांच शिविर लगाया जाएगा, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर ऑपरेशन हेतु चयन किया जाएगा।
जांच में चयनित मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन 25 से 27 फरवरी के बीच महामाया मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा। जांच से लेकर ऑपरेशन और चिकित्सकीय परामर्श तक, पूरी प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शिविर वर्षों से गरीब और असहाय मरीजों के लिए वरदान साबित हो रहा है। एनटीपीसी टांडा प्रबंधन ने एक बार फिर अपील की है कि आंखों की समस्या से पीड़ित जरूरतमंद लोग आगे आएं, तय तिथियों पर शिविर में पहुंचें और इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं, क्योंकि यह सिर्फ इलाज नहीं, बल्कि हर साल सैकड़ों जिंदगियों में उजाला भरने का अभियान है।








