मतदान केंद्रों पर सुविधाओं व समस्याओं को लेकर एसडीएम टाण्डा ने की महत्वपूर्ण बैठक
अम्बेडकरनगर: आगमी लोकसभा चुनाव के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं एवं संभावित समस्याओं की जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से टाण्डा तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी मोहनलाल गुप्ता ने महत्वपूर्ण बैठक किया। बैठक में सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित क्षेत्रीय लेखपाल व ग्राम सचिव एवं नगर पालिका विभाग मौजूद रहा।
तीन घंटों तक गंभीरता पूर्वक चली बैठक में उप जिलाधिकारी टाण्डा मोहनलाल गुप्ता ने प्रत्येक बूथों के सम्बंध में अलग अलग चर्चा किया और बूथ पर मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त किया तथा बूथ पर होने वाली समस्याओंके सम्बंध में अलग अलग जानकारी प्राप्त किया। टाण्डा के नगरीय क्षेत्र के बूथों के सम्बंध में नगर पालिका विभाग से जानकारी प्राप्त कर विस्तृत रिपोर्ट तलब किया। श्री मोहनलाल ने बताया कि टाण्डा तहसील क्षेत्र में कुल 170 केंद्रों पर 339 बूथ बनाये जाएंगे जिसमें 50 बूथ को मॉडल बूथ के रूप में पेश किया जाएगा एवं नगर क्षेत्र में एक महिला बूथ (पिंक), एक दिव्यांग बूथ व एक युवा बूथ बनाया जाएगा। पिंक बूथ पर सभी महिला कर्मचारी होंगे जबकि दिव्यांग बूथ पर दिव्यांग व युवा बूथ पर युवा कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। उक्त तीनों बूथ नगर क्षेत्र के मिश्रीलाल आर्यकन्या इंटर कालेज में बनाया जाएगा।





