अम्बेडकरनगर: जनपद में गणतंत्र दिवस 2026 के भव्य आयोजन को लेकर पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में शनिवार को फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल का निरीक्षण स्वयं पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने किया और परेड की तैयारियों, अनुशासन व सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने परेड में शामिल पुलिस बल, महिला प्रबला दस्ता सहित सभी टुकड़ियों के अनुशासित और सटीक प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित किया कि परेड में तालमेल, समयबद्धता और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता हो, जिससे गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।
एसपी अभिजित आर शंकर ने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व का आयोजन देश की एकता, अनुशासन और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना सुदृढ़ होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
रिहर्सल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, परेड ग्राउंड की तैयारी और अन्य आवश्यक प्रबंधों की भी समीक्षा की गई।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार (पश्चिमी), अपर पुलिस अधीक्षक श्याम देव, सीओ लाइन/टाण्डा शुभम कुमार, सीओ सिटी नीतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




