अम्बेडकरनगर: छात्रा से छेड़खानी करने वाले आरोपियों पर कार्यवाही न करने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने जलालपुर कोतवाली में तैनात एक उप निरीक्षक व दो सिपाही को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
विदित हो कि कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ रोड स्थित एक विद्यालय के पास बीते सप्ताह एक छात्र पर कुछ शोहदों ने अभद्र टिप्पणी कर दी थी जिससे आहत छात्रा के परिजन ने पुलिस को तहरीर देकर शोहदों को सबक सिखाने का निवेदन किया था। कोतवाल ने कस्बा में तैनात कस्बा इंचार्ज उप निरीक्षक सचिव कुमार मौर्य सिपाही जितेंद्र कुमार व रजत कुमार को कार्यवाही का जिम्मा सौंपा था। लेकिन उक्त तीनों पुलिस कर्मियों ने शोहदों को पकड़ने में दिलचस्पी नहीं दिखाई इससे नाराज पुलिस अधीक्षक ने तीनों पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने का आदेश दे दिया। मामले की जांच करने आए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्याम देव ने पीड़ित छात्रा को बुलाकर बयान दर्ज किया बयान में छात्रा और उसके परिजनों ने बताया कि मैं मुकदमा नहीं दर्ज करना चाहती। अपर पुलिस अधीक्षक ने छात्रा के बयान के आधार पर शोहदों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया और जांच को अजेय कुमार शर्मा को सौंप दिया।





