अम्बेडकरनगर: औद्योगिक नगरी टाण्डा के हकीम क्लब ग्राउण्ड में श्री बाला जी भक्त मण्डल टाण्डा के तत्वावधान में आयोजित श्री बाला जी महाराज का सवामनी हवनोत्सव परम्परागत तरीके से मंगलवार को धार्मिक वातावरण में पूरी श्रद्धा के साथ देर रात में सम्पन्न हुआ। महोत्सव में श्री बाला जी सरकार के भव्य दरबार का आलौकिक श्रंगार कर वैदिक मंत्रोच्चार से पूजन कर दीप प्रज्वलित किया गया।
मंगलवार सुबह श्री बाला जी भक्त मण्डल टाण्डा के संयोजन में श्री बाला जी महाराज का सवामनी हवनोत्सव की शुरुआत अखण्ड ज्योति प्रज्वलित कर श्री बाला जी सरकार को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया। भोग व पूजन के उपरान्त श्री सुन्दर काण्ड पाठ हुआ। पाठ के समापन पर यज्ञ व भजन शुरू हुआ। जो शाम तक निरन्तर चलता रहा। लखनऊ से आये गायक कलाकारों ने गणेश वन्दना से भजन की शुरुआत की। गायक कलाकारों ने अपने भजनों की प्रस्तुति से लोगों को मन मुग्ध कर दिया। उत्सव का समापन आरती और भण्डारे के प्रसाद वितरण के साथ हुआ। जो देर रात तक अनवरत श्रद्धा पूर्वक चलता रहा। महोत्सव की भव्यता में रमापति गुप्ता, कृष्ण गोपाल गुप्ता, पप्पू यादव, सुदीप शुक्ल, संजीव जायसवाल, आनन्द तिवारी, अंशू बग्गा, भाजपा नेता प्रमोद गुप्ता, अजय सोनी, राहुल चौरसिया , मोतीलाल, आदि का विशेष सहयोग रहा। वहीं विशाल भण्डारे की व्यवस्था में सीओ शुभम कुमार व कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी के साथ मुबारकपुर चौकी इंचार्ज अशुतोष शर्मा सहित भारी संख्या पुलिस बल मौजूद रहा।





