अम्बेडकरनगर: बुधवार को सूरापुर बाजार में उस समय हड़कम्प मच गया जब नाई की दुकान पर सेविंग कराने आये लगभग 20 वर्षीय युवक की अचानक मौत हो गई। अलीगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र में चर्चा है कि नौजवान की भूमि हड़पने का उद्देश्य से एक युवक द्वारा स्वीट प्वाइजन दिया गया है हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के गदाये निवासी सैफी अंसारी पुत्र जानी अंसारी सूरापुर के निकट बिहरोजपुर का पुरवा पहिराजपुर निवासी गोविंद यादव के साथ रहता था। क्षेत्र में चर्चा है कि सैफी अंसारी की भाजपा कार्यालय अकबरपुर के निकट बेशकीमती भूमि है जिसको चन्द दिनों पहले गोविंद यादव द्वारा रजिस्ट्री करा लिया गया है जबकि माता पिता मंदबुद्धि हैं और सैफी का एक छोटा भाई भी है। क्षेत्र में चर्चा है कि गोविंद यादव उक्त भूमि की लालच में सैफी अंसारी को स्वीट प्वाइजन देता था जिसके कारण उसकी अचानक हार्टअटैक से मौत हो गई है। अलीगंज पुलिस ने जहां मृतक सैफी अंसारी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है वहीं मेडिकल कॉलेज चौकी पर आरोपी गोविंद यादव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक रोक कर रखा गया है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही पुलिस कोई कदम उठाएगी। फिलहाल गोविंद यादव द्वारा सैफी अंसारी की बेशकीमती भूमि की रजिस्ट्री कराने तथा सैफी को स्वीट प्वाइजन देने की बात की क्षेत्र में चर्चा ही हो रही है, उसका कोई ठोस सबूत नहीं सामने आया है लेकिन पुलिस पूरी सतर्कता बरतते हुए नज़र बनाये हुए है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रही है।




