सामाजिक पतन पर उठने लगा है सवाल
अम्बेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। बकरी चराने गई लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग विधवा महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने की वारदात से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। इस घटना ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि समाज में गिरते नैतिक मूल्यों पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की बुजुर्ग महिला घर से कुछ दूरी पर नदी किनारे बकरी चरा रही थी। बताया जाता है कि बकरियां पास के खेत की ओर चली गई थीं, जबकि बुजुर्ग महिला पास ही एक बाग के किनारे बैठी हुई थी। इसी दौरान फखरपुर निवासी पिंटू पुत्र स्व. मुन्नीलाल वहां पहुंच गया।
आरोप है कि महिला को अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। बुजुर्ग महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसकी बुरी तरह पिटाई भी कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद किसी तरह घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। जानकारी मिलते ही परिजन जैतपुर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ गाली-गलौज व मारपीट की तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर महिला का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म जैसी घटना की पुष्टि होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि घटना के करीब दो दिन बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस जघन्य वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ इस तरह की दरिंदगी समाज में बढ़ते नैतिक पतन की भयावह तस्वीर पेश करती है। लोगों का सवाल है कि जब बुजुर्ग महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं तो समाज किस दिशा में जा रहा है।
थानाध्यक्ष जैतपुर थीरेंद्र आजाद ने बताया कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और अदालती बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








