अम्बेडकरनगर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा का स्वास्थ्य सोमवार को अचानक खराब हो गया जिन्हें आननफानन में एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा सोमवार को दोपहर बाद एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रहे थे कि अचानक तेज चक्कर आने के कारण बेहोश हो गए। विधायक श्री राममूर्ति को आननफानन में जिला मुख्यालय पर संचालित निजी अस्पताल शुभम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार करना शुरू किया। सूचना पर अकबरपुर विधायक राममचल राजभर, पूर्व एमएलसी अजय कुमार उर्फ विशाल वर्मा, जिलाध्यक्ष जंग बहादुर यादव, महासचिव मुजीब अहमद सोनू, फ़ैज़ान खान सहित जनपद के लगभग सभी सपा नेता शुभम हॉस्पिटल पहुंच गए। श्री राममूर्ति का उपचार कर रहे डॉक्टर बी.ड़ी वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया चक्कर के कारण बेहोश होने का मामला प्रकाश में आया है हालांकि अन्य जांचें भी की जा रही है। श्री वर्मा ने बताया कि टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा फिलहाल खतरे से बाहर हैं और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।





