टांडा में थिरुआ नाला के किनारे स्थित बिछावट भूमि विवाद से जुड़ा है मामला
अम्बेडकरनगर: टांडा नगर पालिका पर वर्षों तक कब्ज़ा रखने वाले प्रख्यात चेयरमैन स्व.हयात मोहम्मद के पोते उबैदुर्रहमान को टांडा कोतवाली पुलिस ने न्यायालय द्वारा जारी गैर जमानती वारंट के कारण गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताते चलेंकि एक माह पहले मुख्यालय पर आयोजित स्थापना दिवस अवसर पर पहली बार बड़े स्तर पर सम्पन्न हुए डॉग शो कार्यक्रम में बेल्जियम शेफर्ड नस्ल की स्वान हयाना ने शानदार प्रदर्शन किया था जिसके स्वामी उबैदुर्रहमान को जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा मेडल व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया था। उक्त सम्मान का जश्न समाप्त भी नहीं हुआ रहा कि टांडा कोतवाली पुलिस ने उबैदुर्रहमान को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार उबैदुर्रहमान के खिलाफ एससीएसटी न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट जारी था। याद दिलाते चलेंकि टांडा नगर के प्रसिद्ध थिरुआ नाला के किनारे नेहरूनगर में बेशकीमती भूमि पर धोबी समाज वर्षों से अपना कब्जा जमाए हैं जबकि उक्त भूमि को उबैदुर्रहमान आदि द्वारा क्रय करने के लिए एग्रीमेंट कराने का दावा किया जा रहा है। उक्त भूमि को धोबी समाज से मुक्त कराने के लिए मई 2024 में अकबरपुर के एक बाहुबली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग पहुँचे थे जिसमें काफी विवाद हुआ था, जिसकी वीडियों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी। उक्त मामले में धोबी समाज के अध्यक्ष दिलीप कुमार कन्नौजिया द्वारा टांडा कोतवाली में मुकदमा संख्या 166/24 पर एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)घ व 3(1)द एवं आईपीसी की धारा 506, 504, 352 व 34 के तहत मनोज कुमार दूबे, उबैदुर्रहमान, रतन लाल अग्रहरी, हैप्पी पांडेय एवं अन्य साथी नाम पता अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।टांडा कोतवाली निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि मुकदमा संख्या 166/24 में न्यायालय के समक्ष न पेश होने के कारण उबैदुर्रहमान के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था, जिसमें छज्जापुर चौकी प्रभारी एसआई जय प्रकाश यादव, कांस्टेबल हरसोविंड, श्याम गुप्ता व रूपेश द्वारा तलाश उपरांत उबैदुर्रहमान को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया है।





