अम्बेडकरनगर: बिजली विभाग की एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना आम उपभोक्ताओं के लिए राहत साबित हो रही है। विद्युत वितरण खंड टाण्डा के रसूलपुर मुबारकपुर निवासी मो. शाहिद के परिवार को इस योजना के तहत बड़ी राहत मिली है। उनके दादा स्वर्गीय हबीवउल्लाह पुत्र स्वर्गीय हाफिज सुबई के नाम से दर्ज विद्युत संयोजन पर कुल 1,85,964 रुपये का बकाया था।
बिजली बिल राहत योजना के प्रथम चरण में उपभोक्ता को 1,31,675 रुपये की छूट प्रदान की गई। योजना का लाभ उठाते हुए मो. शाहिद ने मात्र 54,289 रुपये जमा कर वर्षों पुराने बकाये से पूरी तरह मुक्ति पा ली।
बिजली विभाग के अनुसार ओटीएस योजना का द्वितीय चरण 04 जनवरी से शुरू हो रहा है। इस चरण में उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी जाएगी। द्वितीय चरण के अंतर्गत मूलधन पर 20 प्रतिशत तथा सरचार्ज पर 100 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा विद्युत चोरी के प्रकरणों में राजस्व निर्धारण के मामलों में भी उपभोक्ताओं को 45 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते योजना का लाभ उठाकर अपने बकाये का निस्तारण कराएं और कानूनी कार्रवाई से बचें। उक्त जानकारी अवर अभियंता विद्युत संजय यादव ने दी है।




