अम्बेडकरनगर: दहेज व पारिवारिक उत्पीड़न से तंग आकर एक नवविवाहिता ने अपनी ढाई वर्षीय मासूम बेटी को पीछे छोड़ फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नगपुर गांव की है। पुलिस ने मृतका के पति, ससुर और सास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि ननद फरार बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात नगपुर गांव में एक नवविवाहिता ने अपने घर के कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के वक्त उसकी ढाई साल की बच्ची घर में ही मौजूद थी। मामले की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजन कोतवाली पहुंचे और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतका के भाई ने दी तहरीर में बताया कि तीन वर्ष पूर्व उसकी बहन की शादी नगपुर निवासी दीपक गुप्ता से रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालजन दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। कई बार समझौते की कोशिश की गई, लेकिन ससुराल वालों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। अंततः उत्पीड़न से त्रस्त होकर बहन ने आत्महत्या कर ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति दीपक गुप्ता, ससुर दिनेश कुमार गुप्ता, सास सावित्री देवी और ननद नीलम के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि ननद की तलाश की जा रही है। इस बीच जब आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा था, तो मृतका की मासूम बच्ची को लेकर दादा, दादी और पिता साथ ले जाने की जिद करने लगे। पुलिस और अधिकारियों ने उन्हें समझाकर बच्ची को फिलहाल ससुराल पक्ष के जिम्मेदार परिजनों को सौंप दिया, ताकि उसके बेहतर भविष्य की देखरेख सुनिश्चित की जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।




