गोवंशों की कुपोषण से मृत्यु होने का आरोप
अम्बेडकरनगर: जलालपुर नगर पालिका द्वारा संचालित गोशाला में मृत्यु हुए गोवंशों को बिना पोस्टमार्टम के ही दफन करने की सूचना पर पहुंचे स्थानीय सभासद व नागरिकों ने जमकर विरोध किया। स्थानीय लोगों के अनुसार जलालपुर नगर पालिका द्वारा संचालित गौशाला में कुपोषित का शिकार होने से कई गौवंशों की मौत हो चुकी है।
जलालपुर नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित अस्थाई गौशाला उस्मापुर में गोवंशों के चारा का अभाव बताया जा रहा है।
आरोप है कि कुपोषित का शिकार हुए गौवंश की शनिवार की रात को मृत्यु हो गयी थी जिसे चोरी चुपके नगर पालिका परिषद की कूड़ा ढोने वाले वाहन में लादकर उस्मापुर स्थित बालापुर शमशान घाट पर नगर पालिका परिषद की जेसीबी के साथ दफन करने के लिए ले गए थे। गौवंश की मृत्यु पर स्थानीय नागरिकों के साथ पहुंचें पूर्व सभासद रमेश मौर्य को देख नगर पालिका के वाहन चालक तथा जेसीबी चालक वाहन में ही मृत पड़े गौवंश को छोड़कर फरार हो गए। काफी समय बीत जाने के पश्चात भी वह लोग वापस नहीं लौटे। इस संबंध में नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक रामप्रकाश पांडे ने घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया। सभासद प्रतिनिधि एवं पूर्व सभासद रमेश मौर्य ने बताया कि पूर्व में भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। नगर पालिका परिषद द्वारा पशु चिकित्सक से जांच करा कर रिपोर्ट देने की बात कही गई थी किंतु अभी तक नगर पालिका द्वारा कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। बाद में नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक राम प्रकाश पाण्डेय तथा गौशाला में तैनात पशु चिकित्सक मनोज कुमार वर्मा एंबुलेंस तथा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बिना पोस्टमार्टम करवाए हुए ही जबरन गाय को दफनाने का प्रयास किया तो पूर्व सभासद ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करने की बात कही। जिस पर नगर पालिका, पुलिस और पशु चिकित्सक गौ वंश की पोस्टमार्टम की बात कहकर लेकर चले गए।




