अम्बेडकरनगर: जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब रविवार सुबह मझुई नदी के किनारे खून से लथपथ एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के सेहरी गांव की है, जहां सुबह कुछ ग्रामीण नदी किनारे नित्यक्रिया के लिए गए थे। उसी दौरान उन्होंने एक युवक का खून से लथपथ शव देखा। मृतक के चेहरे और दोनों हाथों पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिन पर खून जमा हुआ था। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि वह बाहरी प्रतीत हो रहा है।स्थानीय ग्रामीणों से सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि शव के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




