अम्बेडकरनगर: गत 02 दिसंबर को लापता हुई 15 वर्षीय कक्षा 11 की छात्रा स्नेहा का शव 18 दिन बाद तेंदुआई गाँव में पानी की टंकी के पास संदिग्ध हालत में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय कक्षा 11 की छात्रा स्नेहा 02 दिसंबर को घर से लापता हो गई थी। मामले में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई थी। राजेसुल्तानपुर पुलिस जांच के दौरान एक संदिग्ध प्रेमी को हिरासत में लेकर जेल भेजा गया था। इसके बावजूद छात्रा का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
बुधवार को स्थानीय लोगों ने पानी की टंकी के पास एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त लापता छात्रा स्नेहा के रूप में की गई। शव की स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है, जिससे हत्या या अन्य आपराधिक पहलुओं की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।




